नई दिल्ली: राजधानी से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है, जहां भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने गए कांग्रेसियों से भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मेम्बरशिप फॉर्म ही भरवा दिया और उन्हें माला पहना कर भाजपा में जुड़ने के लिए धन्यवाद भी किया।

आपको बताते चलें कि हाल ही में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच कई कांग्रेसियों ने कांग्रेस पार्टी को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। खबर यहां तक आई कि कांग्रेस के सबसे बड़े नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ अपने बेटे नकुलनाथ के साथ भाजपा ज्वाइन करने की इच्छा जता रहे हैं। इस खबर के फैलने के बाद कुछ गुस्साए कांग्रेस कर्मचारियों ने भाजपा कार्यालय को घेर कर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया और प्रदर्शन करने बैठ गए, जिसके बाद भाजपा ने उनसे भी मेम्बरशिप फॉर्म भरा लिया।

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए एक कर्मचारी ने बैंगन सूत्रों से बात करते हुए कहा, “हम 50 लोग कांग्रेस कार्यालय से यहां भाजपा कार्यालय प्रदर्शन करने आए थे। हमारा नेतृत्व कर रहे नेता ने भी बहुत जोश दिखाया। जब हमने यहां प्रदर्शन करना चालू किया, तब थोड़ी धूप निकल आई और हमारे नेता को प्यास लगी। उन्होंने एक भाजपाई से पीने के पानी का पता किया, जिसके बाद भाजपाई ने उन्हें कहा, ‘भाजपा कार्यालय में घुसते ही पानी का नल लगा है’। नेता हमारे पानी पीने गए और 2 घंटे तक नही लौटे जब आखिर कर जब वो  वापस आए तो उनके हाथ में 50 भाजपा मेम्बरशिप के फॉर्म थे, जिन्हें आने के बाद उन्होंने हमें बांटा… और उसके बाद की सारी कहानी आप मेरे इस भाजपा के गमछे को देख कर समझ ही सकते हैं”। 

आगे बात करते हुए कर्मचारी ने कहा, “कि भाजपा के कार्यकर्त्ता कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को राहुल गाँधी की स्पीच सुना रहे हैं जिसको सुनकर भारी मात्रा में कांग्रेस के कार्यकर्त्ता कांग्रेस छोड़ रहे हैं और कुछ तो इतने निराश हो रहे हैं कि राजनीती ही छोड़ रहे हैं।”

फिलहाल इस मामले से निपटने के लिए कांग्रेस ने अपने सभी कर्मचारियों को हिमाचल के एक रिसॉर्ट में नजरबंद कर रखा है।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version